देहरादून
अवैध निर्माण पर एमडीडीए की सख्त कार्रवाई, धौरण रोड स्थित “हेल्पिंग हेल्थ” हॉस्पिटल सील
देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धौरण रोड पर अवैध रूप से निर्मित और संचालित “हेल्पिंग हेल्थ” हॉस्पिटल को सील कर दिया। यह कार्रवाई एमडीडीए की प्रवर्तन टीम द्वारा मंगलवार को की गई।

जानकारी के अनुसार कुश ऐरन द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के उक्त हॉस्पिटल का निर्माण और संचालन किया जा रहा था। प्राधिकरण द्वारा पूर्व में भी संबंधित को नियमों के अनुरूप निर्माण करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने के कारण प्राधिकरण को सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी।

कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता और सुपरवाइजर सहित प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही।
इसी क्रम में एमडीडीए की टीम ने पछवादून क्षेत्र के विकासनगर में भी संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न निर्माण स्थलों की जांच की गई और निर्माणकर्ताओं से मानचित्र स्वीकृति समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई।

जिन निर्माणकर्ताओं द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए या संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना मानचित्र स्वीकृति या निर्धारित मानकों का पालन किए बिना किया गया कोई भी निर्माण पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिन निर्माण स्थलों पर मानचित्र स्वीकृति या अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए जाते हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने बताया कि विकासनगर सहित पछवादून क्षेत्र में कुछ निर्माणों को चिन्हित किया गया है, जिन पर जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


