विकासनगर : टोंस नदी में समाई पिकअप, खाई में गिरने से चालक की दर्दनाक मौत…
विकासनगर से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां हरिपुर-कोटी-इच्छाड़ी मोटर मार्ग पर लालढांग के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए टोंस नदी में जा समाया। इस भयावह हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि चालक विकासनगर से परचून का सामान लेकर त्यूनी की ओर जा रहा था, तभी कोटी-मिनस मार्ग पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि चालक पूरी रात वाहन में ही फंसा रहा, जिससे उसकी जान चली गई। घटना की जानकारी बुधवार सुबह प्रशासन को मिली, जिसके बाद कालसी थाना पुलिस और डाकपत्थर से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई में उतरकर चालक के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

