सीएम धामी की प्रधानमंत्री से मुलाकात,ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को लेकर हुई खास बात…
दिल्ली : रामनवमी के मौक़े पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर उन्हें रामनवमी के शुभकामनाएं दीं।मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विशेष उपहार भेंट किए।इनमें माँ सुरकंडा देवी की प्रतिकृति,बद्री गाय का घी,पहाड़ी क्षेत्रों में उत्पादित पांच प्रकार के राजमा और शहद शामिल रहे।
प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री से दिल्ली-मेरठ के बीच संचालित Regional Rapid Transit System (RRTS) परियोजना को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने का अनुरोध किया।उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और धार्मिक व पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।साथ ही राज्य में रक्षा उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य में रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए केंद्र से नीति समर्थन और प्राथमिकता की मांग की। साथ ही कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में Defence Equipment Production Industrial Hub बनाने का प्रस्ताव रखा।
इसके अलावा रायवाला में बीआई-डक ब्रिज,चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार और टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने का सुझाव भी दिया।सीएम धामी ने एक्सप्रेसवे और कनेक्टिविटी को लेकर प्रस्ताव दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इससे हल्द्वानी,काशीपुर,रुद्रपुर,पंतनगर एयरपोर्ट और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के ऋषिकेश-व्यासी खंड का जल्द लोकार्पण करने का अनुरोध किया।साथ ही टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन,बागेश्वर-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग की मांग भी रखी।उन्होंने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तरकाशी को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा।वहीं पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट के शिलान्यास का प्रस्ताव भी रखा गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा लैंड पोर्ट बनने से भारत-नेपाल व्यापार, आवागमन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को नई दिशा, नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिलने की बात कही और विभिन्न वर्गों के सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

