News India24 uk

No.1 News Portal of India

कालसी में अवैध खनन माफिया का वन विभाग की टीम पर हमला, वन कर्मी घायल, दो ट्रैक्टर सीज, प्राथमिकी दर्ज

सहसपुर/कालसी।
कालसी भूमि संरक्षण वन प्रभाग की चौहडपुर रेंज के चांदपुर अनुभाग में अवैध खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर ट्रैक्टर चालक ने वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। इस हमले में एक वन बीट अधिकारी घायल हो गए हैं। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ थाना सहसपुर में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।

मध्यरात्रि में दी गई दबिश

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 मई 2026 की मध्यरात्रि लगभग 2:30 बजे वन विभाग को डोबरी प्रथम बीट के डोबरी कक्ष संख्या-2बी (मोट नदी) क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन बीट अधिकारी मोहम्मद ईनाम, वन बीट अधिकारी विपिन सिंह चौहान और फायर वाचर साहिल ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दबिश दी।

वन कर्मी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास

मौके पर कुछ मजदूर ट्रैक्टर-ट्राली में अवैध रूप से पत्थर भर रहे थे। जब वन विभाग के स्टाफ ने ट्रैक्टर को पकड़ने का प्रयास किया, तो ट्रैक्टर चालक पंकज ने ट्रैक्टर-ट्राली संख्या UK16-CA-3413 (महिन्द्रा 575 DI) को अत्यधिक तेज रफ्तार से वन कर्मियों के ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। इस जानलेवा प्रयास में वन बीट अधिकारी मोहम्मद ईनाम के पैर में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद चालक पंकज ट्रैक्टर-ट्राली को तेज रफ्तार में भगाकर मौके से फरार हो गया। घायल वन कर्मी को तुरंत सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

आरोपी के घर से ट्रैक्टर बरामद, दो अन्य वाहन भी सीज

घटना के बाद वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया। दिनांक 21 मई 2026 को चांदपुर के अनुभाग अधिकारी ने टीम के साथ ग्राम सोरना में छापेमारी की। टीम ने ट्रैक्टर मालिक रोहित उर्फ ‘देसी’ के घर से हमले में शामिल ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया और उसे चांदपुर वन परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया है।इस पूरी कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने क्षेत्र में अवैध खनन में लिप्त दो अन्य ट्रैक्टर स्वामियों पर भी अभियोग दर्ज किया है। कुल कार्रवाई में 2 ट्रैक्टरों को सीज किया गया है। मुख्य आरोपी चालक पंकज के खिलाफ थाना सहसपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

“अवैध गतिविधियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं”

मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए चौहडपुर के रेंज अधिकारी पंकज कुमार ध्यान ने साफ स्पष्ट शब्दों में कहा है कि आरक्षित वन क्षेत्र (रिजर्व एरिया) के भीतर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भी रिजर्व क्षेत्र के अंदर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि में किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वन संपदा की सुरक्षा के लिए गश्त को और मजबूत किया जा रहा है।

लाइफस्टाइल

error: Content is protected !!