देहरादून : वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 13 दोपहिया वाहन बरामद…
पटेलनगर पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वाहन चोरी की अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे और निशानदेही पर 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में चोरी की गई सात रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि आरोपी वाहन चुराने के बाद नंबर प्लेट बदलते और उन्हें किराए पर भी परिचितों को देते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी करते थे। पहले अलग-अलग इलाकों में घूमकर सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को चिन्हित किया जाता था। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर लिए जाते और इसके बाद पुलिस से बचने के लिए उनकी नंबर प्लेट हटा दी जाती थी। चोरी के वाहनों को गली-मोहल्लों के रास्ते पूर्व निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया जाता था।
2 बुलेट चोरी से शुरू हुई जांच
वाहन चोरी के मामले में चंद्रबनी चोयला पटेलनगर निवासी आदित्य पुत्र वीरेंद्र ने अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट संख्या UK-07-FJ-9383 चोरी होने की तहरीर दी थी। इसी तरह शक्ति विहार माजरा देहरादून निवासी दीपक सिंघल ने अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट संख्या UK-07-DX-2536 चोरी होने की शिकायत की। दोनों मामलों में कोतवाली पटेलनगर में क्रमशः मु0अ0सं0-463/2026 धारा 303(2) बीएनएस और मु0अ0सं0-518/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी जुटाकर उनका भौतिक सत्यापन भी किया गया।
कबाड़ी बाजार के पास चढ़े पुलिस के हत्थे
लगातार प्रयासों के बाद 10 अगस्त 2026 को पुलिस टीम को सफलता मिली। चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास नव निर्मित सड़क से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास चोरी की दो बुलेट मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ में दोनों ने देहरादून के अलग-अलग स्थानों से कई अन्य बुलेट और दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलों सहित कुल 13 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने दो अन्य चोरी के वाहनों के संबंध में भी जानकारी दी। इनमें एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल थाना श्यामपुर, हरिद्वार पुलिस द्वारा सीज की गई है, जबकि एक अन्य वाहन पानीपत, हरियाणा में पुलिस द्वारा सीज किया गया है। दोनों वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
नंबर प्लेट हटाकर चलाते थे वाहन, परिचितों को किराये पर भी देते थे
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले योजना बनाकर अलग-अलग स्थानों पर घूमते थे और सुनसान जगहों पर खड़े दोपहिया वाहनों को चिन्हित करते थे। इसके बाद मौका देखकर वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट निकाल दी जाती थी। इसके बाद आरोपी वाहनों को गली-मोहल्लों के रास्ते पहले से चिन्हित स्थानों पर खड़ा कर देते थे।
पुलिस के अनुसार, अपने खर्चों की पूर्ति के लिए आरोपी चोरी के वाहनों को नंबर प्लेट हटाकर अपने परिचितों को किराये पर भी देते थे। वहीं सही ग्राहक मिलने पर चोरी के वाहन बेच दिए जाते थे। आरोपियों की योजना चोरी किए गए सभी वाहनों को देहरादून से बाहर ले जाकर बेचने की थी और इसके लिए वे ग्राहकों की तलाश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी:-
1. विवेक सिंह विश्नोई, पुत्र धनवीर सिंह विश्नोई, निवासी निकट लखेड़ा टेंट हाउस, श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार, उम्र 23 वर्ष।
2. गुरप्रीत सिंह, पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी ग्राम टाटवाला, श्यामपुर कांगड़ी, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष।
13 दोपहिया वाहनों की बरामदगी:-
1. रॉयल एनफील्ड बुलेट 350, वाहन संख्या UK-07-DX-2536 — मु0अ0सं0-518/2026, धारा 303(2), 317(2)/3(5) बीएनएस, कोतवाली पटेलनगर।
2. काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट 350, वाहन संख्या UK-07-FJ-9383 — मु0अ0सं0-463/26, धारा 303(2)/317(2)/3(5) बीएनएस, कोतवाली पटेलनगर।
3. काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड 350 — मु0अ0सं0-129/2026, धारा 303(2) बीएनएस, कोतवाली पटेलनगर।
4. सिल्वर रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट क्लासिक 350 — मु0अ0सं0-97/2026, धारा 303(2) बीएनएस, कोतवाली नगर।
5. काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड 500 — मु0अ0सं0-47/2026, धारा 303(2) बीएनएस, थाना क्लेमेंटटाउन।
6. काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड 350 — मु0अ0सं0-317/2026, धारा 303(2) बीएनएस, थाना नेहरू कॉलोनी।
7. काले रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट स्टैंडर्ड 350।
8. सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट।
9. काले रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट।
10. ग्रे रंग की एक्टिवा स्कूटी, बिना नंबर प्लेट।
11. काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट।
12. काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट।
13. लाल रंग की सिटी 100 मोटरसाइकिल, बिना नंबर प्लेट।

