विकासनगर:परिवहन विभाग ने देहरादून-शिमला बाईपास रोड और विकासनगर क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के वाहनों के खिलाफ बुधवार तड़के अभियान चलाया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने दो डंपर एक पिकअप सीज किये और 27 वाहनों का चालान काटा है।
परिवहन विभाग की टीम ने बुधवार तड़के देहरादून -शिमला बाईपास रोड के बाद विकासनगर और हरबर्टपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान परमिट और फिटनेस प्रमाण पत्र न होने पर एक पिकअप और दो खनन से भरे डंपर सीज किये हैं। इसी दौरान कई वाहनों के द्वारा यातायात नियमों का पालन न करने पर उनका चालान किया।
हिमाचल प्रदेश के छह लोडर का चालान काटा गया। इन लोडरों में उत्तराखंड का परिवहन टैक्स जमा न होना पाया गया। जबकि अन्य 21 वाहनों में नंबर प्लेट न होना, टैक्स जमा न किया जाना, सवारियों की ओवर लोडिंग आदि नियमों का पालन न किये जाने पर एआरटीओ ने चालान काटे। एआरटीओ रावत सिंह कटारिया ने बताया कि लगातार यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई जारी है। बताया ओवर लोडिंग व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और सख्त कार्रवाई की जायेगी।